Wall collapsed due to JCB shock, mother dies, daughter serious
- फोटो : KAUSHAMBI
कोखराज कोतवाली के पट्टी परवेजाबाद गांव में मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे नाली निर्माण में लगी जेसीबी का धक्का लगने से एक कच्चे मकान की दीवार ढह गई। इसके मलबे में दबने से गृह स्वामिनी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पांच वर्षीय बेटी गंभीर है। घटना के बाद जेसीबी चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी बच्ची को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पट्टी परवेजाबाद निवासी आशीष कुमार अजमेर की एक कंपनी में काम करता है। घर में उसकी पत्नी रीना (28) अपनी दो बेटी व बेटे के साथ रहती थी। आशीष के घर के पास से बड़े गांव को जोड़ने वाली लोक निर्माण विभाग की सड़क है। इन दिनों सड़क के किनारे नाली का निर्माण कराया जा रहा था।
इसी दौरान जेसीबी का धक्का आशीष की दीवार में लग गया। जिससे दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे में आशीष की पत्नी रीना व पांच वर्षीय बेटी पिंकी दब गई। घटना की जानकारी होने पर प्रधान उर्मिला देवी और जिला पंचायत सदस्य रामनरेश तत्काल मौके पर पहुंचे और मलबा हटवाना शुरू किया।
कोखराज कोतवाली पुलिस भी पहुंची। मलबा हटाने के बाद नीचे दबी रीना और पिंकी को बाहर निकाला गया। हादसे में रीना की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पिंकी को गंभीर हालत में लिए स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम है। हादसे की जानकारी फोन पर आशीष को दी गई है।
Wall collapsed due to JCB shock, mother dies, daughter serious- फोटो : KAUSHAMBI