रुपये, शराब या फिर अन्य किसी लालच में पड़कर मतदान करने पर मतदाताओं को पूरे पांच साल सम्मान नहीं मिल पाएगा। ऐसे में बगैर किसी लालच में पड़े निष्पक्ष होकर मतदान करें। यह संदेश जिले भर के स्कूलों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया जा रहा है। इसके अलावा जागरूकता रैली, मेहंदी, निबंध आदि प्रतियोगिता के सहारे मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास स्वीप योजना के तहत किया जा रहा है।
विधान सभा चुनाव-2017 में मतदाता जागरूकता प्रतिशत बढ़ाने के लिए आयोग ने स्वीप कार्यक्रम करने का निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारी को दे रखा है। आयोग के निर्देश पर जिला निर्वाचन अधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने डीआईओएस को स्वीप प्रभारी नामित करते हुए जिले भर में जागरूकता अभियान कार्यक्रम करा रहे हैं। इस क्रम में शनिवार को हनुमान इंटर कालेज अजुहा में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने मतदाताओं को जागरूक किया। नाटक मंचन के दौरान चंद रुपयों, शराब या अन्य लालच में पड़ने वाले मतदाताओं को पांच साल तक क्या भुगतना पड़ता है इसका मंचन कर प्रचार-प्रसार किया गया। कार्यक्रम में मौजूद एसडीएम सिराथू विवेक चतुर्वेदी ने भी मतदाताओं को जागरूक होकर शतप्रतिशत मतदान का संदेश दिया। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा, तहसीलदार सिराथू देवेंद्र प्रताप सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि ओम प्रकाश कुशवाहा, राकेश चंद्र आदि मौजूद रहे। अजुहा स्थित जय मां दुर्गा इंटर कालेज के मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत रैली निकाली। रैली कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में घूमकर मतदाताओं को जागरूकता संदेश दिया। रैली की अगुवाई प्रधानाचार्य सुनील कुमार साहू ने की। रैली में विद्यालय के संतोष सिंह, महेंद्र सिंह आदि अध्यापक शामिल रहे। श्रीमती कृष्णा इंटर कालेज शाखा के छात्र-छात्राओं ने भी रैली निकालकर मतदाता को जागरूकता का संदेश दिया। प्रधानाचार्य ललित सिंह के अलावा शाकिर अली, राममोहन त्रिपाठी, जय सिंह, बद्री प्रसाद शुक्ल आदि मौजूद रहे।
विकास खंड कौशाम्बी के ठोकसहा गांव स्थित पूर्व माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने अलग-अलग रैली निकालकर मतदाता जागरूकता का श्लोगन गांव की गलियों में सुनाया। रैली में जूनियर के प्रधानाध्यापक राम चंद्र शुक्ल, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने रैली की अगुवाई करते हुए मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। प्राथमिक विद्यालय मेड़रहा के छात्र-छात्राओं ने भी जागरूकता रैली प्रधानाध्यापक श्याम सुंदर त्रिपाठी की अगुवाई में निकाली। इसी तरह सरसवां ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रक्सौली के छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। यहां के बच्चों ने नहीं किसी से डरना है, सबको मतदान करना है का नारा लगाया। इसके बाद विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रैली की अगुवाई गाइड कैप्टन कु. सुषमा चौरसिया व खंड शिक्षा अधिकारी सरसवां मिथलेश कुमार ने की। रैली में गाइड प्रतिमा मिश्रा, स्काउट सुनील कुमार, प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के अध्यापक और गांव के जागरूक मतदाता शामिल रहे। यहीं के टिकरा गांव स्थित माता प्रसाद इंटर कालेज व एमपी कान्वेंट स्कूल के बच्चों ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में किया। इस मौके पर शिक्षकों व छात्र-छात्राओं ने मतदान के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का नेतृत्व इंटर कालेज के प्रधानाचार्य दिलीप कुमार श्रीवास्तव व कान्वेंट के प्रिंसपल कमलेश कुमार ने किया। विकास खंड कड़ा के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शीतला धाम कड़ा के बच्चों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली में बच्चों ने धाम की गलियों में घूम-घूमकर मतदाताओं के जागरूकता के नारे लगाए।