शत प्रतिशत मतदान कर मजबूत लोकतंत्र खड़ा करें। मंगलवार को मतदाता जागरूकता रैली में लोगों को जागरूक किया गया। मौजूदा समय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम से जिले के स्कूल, गांव और कस्बों में दिनभर चहल-पहल रहती है।
मंगलवार को विधानसभा सिराथू में बाइक से जागरूकता रैली बीडीओ रवींद्र वीर सिंह के नेतृत्व में निकाली गई। रैली ब्लॉक मुख्यालय से निकलकर मधवामई, सौंरई, बिजलीपुर, करनपुर, शमसाबाद, तेरहरा, रामपुर धमावां होते हुए पुन: सिराथू पहुंची। इस दौरान बाइक रैली के माध्यम से मतदाताओं को 23 फरवरी को बूथों पर पहुंचकर शतप्रतिशत मतदान करने का संदेश दिया गया। विकास खंड सरसवां के सुंदरलाल तिवारी इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर मतदाताओं को मजबूत लोकतंत्र से होने वाले फायदें गिनाए। विकास खंड मूरतगंज के विश्वनाथ प्रसाद महाविद्यालय भीखमपुर में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने लोगों को बताया कि शत प्रतिशत मतदान से मजबूत और विकासशील सरकार बनेगी। जागरूकता रैली का नेतृत्व प्राचार्य कंधई लाल ने किया। संत गाड्गे उत्तर माध्यमिक विद्यालय चकमानिकपुर के छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। रैली का नेतृत्व विद्यालय के प्रबंधक अशोक दिवाकर ने किया। इस मौके पर विद्यालय के रामआसरे गौतम, अनूप दिवाकर आदि शिक्षक मौजूद रहे। चायल तहसील के एमपी मौर्य इंटर कालेज हर्रायपुर के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को जागरूकता रैली निकाली। रैली का नेतृत्व प्रधानाचार्य महेश कुमार ने किया। रैली में विद्यालय के उमाकांत साहू, दीपक मौर्य, श्याम बाबू सोनी, मोनू कुमार आदि ने विशेष योगदान किया।
कृषक इंटर कालेज हिनौता के छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर मतदाताओं को जागरूक किया। प्रधानाचार्य दीन दयाल सिंह ने छात्र-छात्राओं के साथ घूमकर शत प्रतिशत मतदान की अपील आमजन से की। इसके बाद कालेज में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसी तरह जिले भर के प्राथमिक, जूनियर व माध्यमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकालकर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। छात्र-छात्राओं ने मतदाताओं को 23 फरवरी के दिन बूथों पर पहुंचकर एक-एक वोट डालने और उसके महत्व के बारे जानकारी दी।