जिले में मतदाता जागरूकता अभियान ने तेजी पकड़ ली है। विधान सभा चुनाव में वोटिंग का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिले ही नहीं मंडल के अधिकारी भी चौपाल लगाकर मतदाताओं को जागरूक कर रहे हैं। बुधवार को आईजी डॉ. केएस प्रताप कुमार विधान सभा चायल के महगांव पहुंचे। यहां पर उन्होंने ग्रामीणों को निष्पक्ष और निर्भीकता पूर्वक मतदान करने लिए कहा। गांव और बूथ का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने महगांव इंटर कालेज में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। चौपाल में उन्होंने कहा कि वोटिंग वाले दिन मतदाता सारे काम छोड़कर पहले मतदान करें।
इससे निष्पक्ष और मजबूत सरकार का निर्माण होता है। यही सरकार पूरे पांच साल व्यक्ति को न्याय और उनकी समस्याओं का समय पर निदान करती है। एक दिन आराम किया तो पूरे पांच साल भुगतना पड़ेगा। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का महापर्व है। इसमें एक दिन की चूक पूरे पांच साल तक पछताने को मजबूर कर देती है। यह चूक ही न हो और लोगों को पछताना न पड़े, इसके लिए 23 फरवरी को बूथों पर जाकर एक-एक व्यक्ति निष्पक्ष मतदान करे। यदि कोई भी लालच या जोर जबरजस्ती करे तो फौरन सौ नंबर पर डायल करें। पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पांच मिनट में हाजिर होगी। अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष मिश्र, सीओ चायल महेंद्र देव, एसओ पूरामुफ्ती धर्मेंद्र प्रताप सिंह के अलावा परवेज महमूद, अशोक कुमार, अब्दुल मलिक, विजय यादव, काजी, रामचंद्र आदि मौजूद रहे।
छात्रों ने निकाली जागरूकता रैली
करारी इंटर कालेज करारी में बुधवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मन्नो मिश्रा व खाद्य सुरक्षा अधिकारी शेफाली रस्तोगी के नेतृत्व में रैली में शामिल छात्रों ने कस्बे में घूमकर मतदाताओं को जागरूक किया। इस मौके पर शेफाली रस्तोगी ने मतदान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विनय तिवारी, कृष्ण कुमार सिंह गौतम, रामसूरत, पुष्पा देवी, आदि मौजूद रहे। नुक्कड़ नाटक में कालेज के छात्र आरके सिंह व सोनू चौधरी के सहयोग से संपन्न कराया गया। इसी तरह हनुमान इंटर कालेज अझुवा में निबंध व मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रधानाचार्य बृजेश सिंह ने छात्रों से कहा कि वह अपने-अपने गांव के मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करें।
अमीना गोराजू में निकली जागरूकता रैली
अमीना गोराजू स्थित राजेंद्र सिंह रामभजन सिंह इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली को प्रधानाचार्य वीरेद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विधान सभा चुनाव के मतदान के बाद सूबे की सरकार बनेगी। अच्छी सरकार के लिए लोगों को मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना होगा।