महिला की अश्लील फोटो खींच कर फेसबुक पर की वायरल
विरोध करने पर आरोपी ने पीटा, किया दुष्कर्म का प्रयास
बेटे को भी जान से मारने की दी धमकी, एसपी से शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर। पश्चिमशरीरा इलाके के एक गांव में रहने वाली एक विवाहिता का पड़ोसी ने अश्लील फोटो व वीडियो बनाकर फेसबुक पर वायरल कर दिया। जानकारी पर विवाहिता ने विरोध किया तो आरोपी ने अपने पिता से साथ मिलकर उसे पीट दिया। ब्लैकमेलिंग करने वाले आरोपी ने विवाहिता से दुष्कर्म का भी प्रयास किया। अब वह स्कूल में पढ़ने वाले महिला के बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहा है। शनिवार को एसपी को मामले से अवगत कराया है।
विवाहिता का कहना है कि उसके पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने चोरी से उसकी आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिया है। इसी वीडियो के सहारे वह उसे काफी दिनों से ब्लैकमेल करता आ रहा है। विवाहिता उसकी शर्तों के आगे नहीं झुकी तो उसने छह अगस्त को वीडियो व फोटो अपने फेसबुक पर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी होनेे पर वह युवक के घर विरोध करने पहुंची तो उसने अपने पिता के साथ मिलकर पिटाई की। उसी रात आरोपी युवक छत के रास्ते उसके घर में घुस आया और दुष्कर्म का प्रयास किया। विवाहिता के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला। महिला का कहना है कि उसका एक बेटा स्कूल जाता है। आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। इस वजह से वह सहमी है। बच्चे का स्कूल जाना भी बंद करा दिया गया। मामले में एसपी प्रदीप गुप्ता ने पश्चिम शरीरा थानाध्यक्ष को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।