सड़क क्षतिग्रस्त होने से जमदुआ के ग्रामीण परेशान
15 साल पहले जिला पंचायत ने कराया था निर्माण, मरम्मत में नहीं दिया ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
पश्मिचशरीरा। हिसामपुर से जमदुआ को जाने वाला संपर्क गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राहगीर हिचकोले खाने को विवश हैं।
करीब दो किमी लंबी यह सड़क करीब 15 साल पहले जिला पंचायत ने बनवाई थी। बनने के कुछ महीनों के अंदर ही सड़क उखड़ने लगी, लेकिन जिला पंचायत के अफसरों ने इसकी मरम्मत नहीं कराई। इसके अभाव में सड़क धीरे-धीरे पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। डामर कहीं दिखता ही नहीं, केवल उखड़ी हुई गिट्टियां ही नजर आती हैं। जमदुआ की करीब ढाई हजार आबादी इन्हीं पत्थरों पर चलने के लिए विवश है। सड़क की मरम्मत न होने से ग्रामीणों को परेशानी होती है। इससे इनमें आक्रोश है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत भी हुई, लेकिन नतीजा नहीं निकला।
मरम्मत के अभाव में मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जल्द से जल्द इसकी मरम्मत होनी चाहिए।-शिवभवन, ग्रामीण
मार्ग की मरम्मत के लिए कई बार मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मार्ग की मरम्मत न होने की वजह से गांव के करीब ढाई हजार लोगों को दिक्कत हो रही है।-विजय कुमार, ग्रामीण
बदहाल सड़क से आए दिन लोग जख्मी हो रहे हैं। सबसे ज्यादा खतरा बाइक और साइकिल सवारों को रहता है। कई बार तो वाहनों के टायर से उछलने वाली गिट्टियां राहगीरों को घायल कर देती है।-चैतुलाल, ग्रामीण
सड़क के खराब होने से हादसे तो हो ही रहे हैं, इसके अलावा वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। आए दिन बाइक और चार पहिया वाहन पंक्चर हो जाते हैं। समय से पहले ही वाहनों के टायर जवाब दे जाते हैं।-इंद्रजीत कुमार, ग्रामीण
सड़क के खराब होने की जानकारी नहीं है। सड़क का निर्माण जिला पंचायत से हुआ भी है या नहीं, इसे पता कराया जाएगा। अगर, विभाग की ओर से इसे बनवाया गया है तो मरम्मत के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।- कमलेश सिंह, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत