बारा (ब्यूरो)। कौशाम्बी ब्लाक के उरई अशरफपुर ग्राम प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। गांव वालों ने प्रधान पर योजनाओं में वसूली और जेसीबी से तालाब की खुदाई कराने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत डीएम से की है। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद से प्रधान-वीडीओ के होश उड़े हुए हैं।
कौशाम्बी ब्लाक के उरई अशरफपुर गांव निवासी मनोज कुमार, सतीश चंद्र, प्रदीप कुमार, अजय कुमार, दिनेश, मंदीप, रामलखन, संतोष कुमार आदि ने बताया कि प्रधान-वीडीओ ने गांव के विकास के लिए आई रकम में जमकर बंदरबांट किया है। विकास कार्यों में मानक की अनदेखी की गई है। कई काम तो कागजों पर कराकर भुगतान करा लिया गया है। आरोप है कि समाजवादी पेंशन योजना में भी प्रधान-वीडीओ ने जमकर मनमानी की है। रुपये लेकर अपने चहेतों को पेंशन का लाभ दिलवा दिया है।
जबकि गांव के तमाम पात्र पेंशन के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। गांव वालों की मानें तो ग्राम सभा के डांडी तालाब की खुदाई मजदूरों के बजाए जेसीबी लगाकर कराई गई है। वही गरीबो से आवास के नाम पर भी माटी रकम ऐठी गई है। विरोध और शिकायत करने पर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी दी जाती है। बताया कि मनमानी की शिकायत खंड विकास अधिकारी से कई बार की गई। पर उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। ब्लाक अफसरों से न्याय न मिलता देख गांव वालों ने मामले की शिकायत डीएम से की। जिलाधिकारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।