किसान शिवकुमार हत्याकांड व उसके घर पहुंचकर लूटपाट करने के वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस को अहम सुराग हाथ लगा है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने सच उगल दिया। अब घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। खुद मामले की मानीटरिंग पुलिस के वरिष्ठ अफसर कर रहे हैं।
कौशाम्बी कोतवाली के बरमबारी गांव निवासी किसान शिवकुमार की शुक्रवार रात खेत की रखवाली करने के दौरान बदमाशों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद बदमाशों ने किसान के घर पर धावा बोलकर लूटपाट की। मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर गांव के ही संपत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
शिवकुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जिस तरह से चोट का जिक्र आया, उससे पुलिस को अंदेशा हुआ कि घटना में कई अन्य लोग भी शामिल थे। इस पर पुलिस ने नए सिरे से छानबीन शुरू की। मामले में नया मोड़ तब आया जब किसान के लूटे गए मोबाइल से उसके भतीजे को फोन पर धमकी दी गई। यहां से पुलिस को यकीन हो गया कि वारदात किसी और ने अंजाम दी है।
पुलिस ने इलेक्ट्रानिक माध्यम व खुफिया तंत्र का इस्तेमाल करते हुए जांच आगे बढ़ाई तो एक संदिग्ध हाथ लगा। पुलिस विभाग के सूत्रों की मानें तो उसने घटना की सारी सच्चाई कुबूल कर ली है। घटना को जिन लोगों ने अंजाम दिया उसमें ज्यादातर लोग घर से भागे हैं। पुलिस की टीमें उनकी लगातार तलाश में छापेमारी कर रही हैं।