विक्रम पलटा, छह बच्चे घायल
अफजलपुर वारी के समीप हुआ हादसा, अन्य हादसे में दो छात्र घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कड़ा/पइंसा। पइंसा कोतवाली क्षेत्र के अफजलपुर वारी गांव के समीप बुधवार सुबह स्कूली बच्चों से भरा एक विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे छह बच्चे घायल हो गए। सभी को सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं एक अन्य हादसे में दो और छात्र घायल हो गए।
अफजलपुर वारी स्थित यूके कॉन्वेंट स्कूल में लगा एक विक्रम बुधवार सुबह गांव के ही अमन, सिफा, अंशिका, अनामिका, प्रिया व करन आदि को लेकर घर से विद्यालय जा रहा था। अफजलपुर वारी मोड़ पर पहुंचते ही अचानक सामने कोई मवेशी आ गया। इसे बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो बैठा और विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में उसपर सवार सभी बच्चे घायल हो गए। बच्चे कक्षा एक से तीन की कक्षाओं में पढ़ते हैं। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल विद्यार्थियों को सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया। जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। विद्यालय प्रबंधक उमेश केसरवानी का कहना है कि बस बच्चों को छोड़कर चली आई थी। इसलिए विक्रम रिजर्व करके बच्चों को बुलाने भेजा गया था। विक्रम स्कूल में नियमित नहीं लगी है। वहीं दूसरी ओर सैनी के बुलाकीपुर निवासी ताहिर (14) पुत्र गुलाम सरवर व कमालपुर निवासी मो. जुनैद (15) पुत्र नूरआलम सुबह पैदल स्कूल जा रहे थे। कमालपुर पॉवर हाउस के समीप एक बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में घायल छात्रों को नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।