आगामी विधान सभा चुनाव में मतदाताओं को इतना जागरूक करें कि किसी भी बूथ पर 75 फीसदी से कम मतदान न हो। मतदाताओं को मतदान करने से होने वाले फायदों को समझाते हुए उन्हें पूरे मनोयोग से मतदान के लिए तैयार करें। इसके प्रचार-प्रसार में कोई कमी न रखी जाए। यह बातें शनिवार को कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में डीएम अखंड प्रताप सिंह ने स्वीप कार्यक्रम में लगाए गए अफसरों व कर्मचारियों से कही।
बैठक में उन्होंने कहा कि मतदान के बेहतर प्रतिशत से एक मजबूत और निष्पक्ष सरकार का निर्माण होता है। जनादेश से बनने वाली सरकार निष्पक्ष होकर जनहित का काम बगैर दबाव में करती है। स्वीप कार्यक्रम के तहत गीत, नाटक, चित्रकला, गुब्बारे, रंगोली व अन्य नए संसाधनों से कराए जा रहे प्रचार-प्रसार के दौरान मतदाताओं को मतदान से होने वाले भावी लाभ के बावत बताएं। उन्हें मतदान के लिए इस कदर तैयार करें कि विस चुनाव में कोई भी बूथ ऐसा न रहे जहां पर 75 फीसदी से कम मतदान हो।
बैठक में पिछले चुनाव के दौरान कम मतदान प्रतिशत वाले बूथों को चिन्हित कराते हुए विशेष रूप से प्रचार अभियान चलाने पर जोर दिया गया। इस मौके पर मतदान अधिकारी कार्मिक डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने स्वीप कार्यक्रम में लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रचार-प्रचार के तरीके बताए। बैठक में सीएमओ डॉ. एसके उपाध्याय, एआईजी स्टांप पूर्णिमा मिश्रा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शेफाली रस्तोगी, स्वीप प्रभारी अशोक कुमार सिंह समेत सभी ब्लॉकों के बीडीओ, सीडीपीओ व एबीएसए, एमओआईसी व सभी ब्लॉकों के सीएलटीएस खंड प्रेरक मौजूद रहे।