इंटरमीडिएट अंग्रेजी द्वितीय प्रश्न पत्र की परीक्षा में बृहस्पतिवार को जमकर नकल हुई। इस दौरान तीन स्कूलों में सामूहिक नकल होती मिली। सामूहिक नकल होने पर डीआईओएस ने इन तीनों परीक्षा केंद्र में बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में हुई परीक्षा को निरस्त करने, परीक्षा केंद्र को डिबार करते हुए काली सूची में डालने की संस्तुति बोर्ड को भेज दी है।
यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट अंग्रेजी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा बृहस्पतिवार को परीक्षा थी। अंग्रेजी के पर्चे में ज्यादातर परीक्षा केंद्रों में जमकर नकल हुई। डीआईओएस राकेश कुमार श्रीवास्तव जब मुआयने के लिए केपी त्रिपाठी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोर्रो पहुंचे तो वहां जांच के दौरान ज्यादातर परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं में हल प्रश्नपत्र हू-ब-हू मिल रहे थे। डीआईओएस ने बताया कि साफ है कि यहां सामूहिक नकल कराई जा रही थी। इसके अलावा अतिरिक्त मजिस्ट्रेट वीर बहादुर सिंह ने चौधरी दिरगज सिंह इंटर कालेज सैय्यद राजे और शिव नारायण सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अटसरई में छापेमारी की। दोनों विद्यालयों में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने सामूहिक नकल पकड़ी। सामूहिक नकल पाए जाने पर डीआईओएस ने इन तीनों विद्यालयों में बृहस्पतिवार को दूसरी पाली में हुई अंग्रेजी सेकेंड पेपर की परीक्षा निरस्त करने, केंद्र को काली सूची में डालते हुए डिबार करने की संस्तुति बोर्ड को भेज दी है।