कौशाम्बी में सोमवार को शुरू हुई बोर्ड की परीक्षा के पहले ही दिन बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। मंझनपुर के एक परीक्षा केंद्र पर इंटर विज्ञान वर्ग के छात्रों को परीक्षा में कला वर्ग का प्रश्न पत्र मिल गया।
कौशाम्बी में सोमवार को शुरू हुई बोर्ड की परीक्षा के पहले ही दिन बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। मंझनपुर के एक परीक्षा केंद्र पर इंटर विज्ञान वर्ग के छात्रों को परीक्षा में कला वर्ग का प्रश्न पत्र मिल गया, जो अपेक्षाकृत कठिन था। छात्रों ने इसकी पढ़ाई भी नहीं की थी। इसकी जानकारी होने पर मंगलवार को छात्रों ने कलेक्ट्रेट पर पर्दर्शन किया। जिलाधिकारी से दोबारा परीक्षा कराने की मांग की।
विज्ञापन
श्री देवशरण स्मारक इंटर कॉलेज देवरा मंझनपुर के इंटर के छात्रों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि उनका सेंटर बरैसा आश्रम पद्धति विद्यालय बरैसा में गया था। वह सभी इंटर विज्ञान वर्ग के छात्र हैं। सोमवार को संपन्न हुई परीक्षा में उनको हिंदी सामान्य वर्ग की जगह हिंदी कला वर्ग का प्रश्न पत्र दे दिया गया। यह बेहद त्रुटिपूर्ण है। इसकी छात्रों ने पढ़ाई भी नहीं की थी और यह उनके पाठ्यक्रम से भी संबंधित नहीं है। छात्रों ने जिलाधिकारी से पुन: परीक्षा कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मोहित तिवारी, नितिन कुमार मिश्रा, सागर मिश्रा, शुभम सिंह, संदीप कुमार, नंदिनी सिंह, शिखा दिवाकर, राज लक्ष्मी आदि रहे।
इस संबंध में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बताया कि यह सही है कि पेपर बदल गया था, लेकिन परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट बाद इसकी जानकारी हो गई थी और तत्काल परीक्षार्थियों का पेपर बदलकर सही प्रश्न पत्र उपलब्ध करा दिया गया था। इसके बदले छात्रों को अतिरिक्त समय भी दिया गया था। एक से डेढ़ घंटे देर से पेपर बदलने की बाद निराधार है।