-सैनी के काजीपुर पथरावां गांव में रविवार सुबह की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सैनी के काजीपुर पथरावां गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट मामले में पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत 16 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर ने विवेचना व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
काजीपुर पथरावां निवासी सौरभ सिंह ने बताया कि उसके पिता बचान सिंह पूर्व प्रधान हैं। रविवार सुबह वह सड़क दुर्घटना के एक मामले की शिकायत करने पथरावां पुलिस चौकी गया था। इस दौरान पिता बचान सिंह दरवाजे पर बैठे थे। आरोप है कि इसी दौरान अभय प्रताप यादव ने उसके पिता पर फरसे से हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुन मां व भाई पप्पू पहुंचा तो आरोपी अभय ने अपने परिवार के कुलदीप, जयदीप, प्रदीप व पीयूष के साथ मिल लाठी-डंडे से उन्हें भी पीट दिया। शिकायत पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वहीं, दूसरे पक्ष से हरिश्चंद्र सिंह ने पुलिस दी तहरीर में आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान बचान सिंह, नेम सिंह, भीम सिंह, शिव बचान सिंह, प्रहलाद, कुलवंत, कोमल, नेवल, सौरभ, धर्मेंद्र, सुनील, शैलेश व चंद्र ने उसके घर पर चढ़कर लाठी, डंडे व फरसे से हमला कर परिवार के भूपसिंह, इंद्राज, रामपित, छोटेलाल, महेंद्र, सचिन और केला देवी को जख्मी कर दिया।
पुलिस ने हरिश्चंद्र की तहरीर पर भी सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर बृजेश करवरिया ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच विवाद एक सड़क दुर्घटना को लेकर हुआ था। क्रॉस केस दर्ज कर जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।