Uncontrolled Scorpio crashed into three bikes, injuring five
- फोटो : KAUSHAMBI
मंझनपुर। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार की दोपहर बेकाबू स्कार्पियो ने एक साथ तीन बाइकों में टक्कर मार दी। हादसे में बाइकसवार दंपति समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दो घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया।
कादीपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार की दोपहर एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाईं में पलट गया। यह देख उधर से गुजर रहे कई राहगीर रुके और ट्रैक्टर चालक व अन्य लोगों को खाईं से बाहर निकालने के लिए मदद करने लगे। इस दौरान कुछ अन्य बाइक सवार सड़क किनारे खड़े होकर सबकुछ देख रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इतने में समदा से भरवारी की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कार्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई और किनारे खड़ी तीन बाइकों में टक्कर मारते हुए पलट गई। इस हादसे में स्कार्पियो सवार तो बच गए, लेकिन बाइकसवार हर्षित व मनत पाल निवासी बड़गांव, पछरिया फतेहपुर, वंश का पूरा मंझनपुर निवासी मोनू, गौरा मंझनपुर निवासी वीरेंद्र व उसकी पत्नी रागिनी घायल हो गईं।
आसपास रहे लोगों ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें एसआरएन रेफर कर दिया। हादसे की खबर सुन घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।