सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, एक घायल
तेेरहमिल के पास खड़े ट्रक से भिड़ी डीसीएम, करारी में बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल/करारी। पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के तेरहमिल गांव के समीप सोमवार रात सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में डीसीएम ने टक्कर मार दी। हादसे में डीसीएम के परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक घायल हो गया। वहीं करारी तिराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब हो गई।
कानपुर देहात के नौबस्ता थाना स्थित यशोदा नगर का अनिल वर्मा (27) पुत्र रामस्वरूप डीसीएम में खलासी का काम करके परिवार का खर्च चलाता था। सोमवार रात वह माल लादकर प्रयागराज जा रहा था। तेरहमिल के समीप तेज गति में होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और डीसीएम सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में खलासी की मौके पर ही सांसें थम गईं। जबकि चालक घायल हो गया। दुर्घटना देख आसपास रहे लोगों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ऐसे ही फतेहपुर जिले के मलवां थाना स्थित उमरगहना गांव का जयविंद सिंह (31) पुत्र देशराज किसानी करके परिवार का खर्च चलाता था। मंगलवार सुबह वह किसी काम से करारी की तरफ गया था। करारी तिराहे के समीप पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में मौके पर ही जयविंद की मौत हो गई। पुलिस ने शव को भी पीएम के लिए भेज दिया है। हादसे से पीड़ित परिवारीजनों की रो-रोकर हालत खराब हो गई।