दीवार बनाने को लेकर दो पक्ष भिड़े, पांच जख्मी
चरवा कोतवाली के शाना नीबी गांव की घटना, सात पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल। चरवा कोतवाली के शाना नीबी गांव में खाली भूमि पर दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों से पांच लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने क्राॅस केस दर्ज कर घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
शाना नीबी गांव निवासी रामचंद्र का पड़ोसी कल्याणचंद्र से भूमि विवाद चल रहा है। शुक्रवार को कल्याण चंद्र उसी भूमि पर दीवार बनवा रहा था। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। बात बढ़ने पर इनके बीच कुल्हाड़ी, सब्बल, लाठी-डंडा निकल आए। मारपीट में एक पक्ष से रामचंद्र की पत्नी अनीता, बेटा अजय और बेटी अंकिता जख्मी हो गई। जबकि, दूसरे पक्ष से कल्याणचंद्र व बेटे मनोज को गंभीर चोंटे आई हैं। दोनों पक्षों ने थाने जाकर एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने रामचंद्र की तहरीर पर कल्याणचंद्र उसके बेटे मनोज, प्रमोद और सनोज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, मनोज की तहरीर पर रामचंद्र उसके बेटे अजय और प्रतीक के खिलाफ केस दर्ज कर घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
रास्ते में दीवार बनाने के विरोध पर महिला को पीटा
चायल। चरवा कोतवाली के धमसेड़ा गांव की पूजा यादव के मुताबिक घर आने जाने के लिए चौड़ा रास्ता है। रविवार सुबह पड़ोसी भाइयों ने उसी रास्ते पर दीवार का निर्माण कराना शुरू कर दिया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंग भाइयों ने उसे पीट दिया। जख्मी महिला ने थाने जाकर आरोपी चार भाइयों के खिलाफ तहरीर दी है। संवाद