सैनी कोतवाली के कमासिन गांव के युवक से सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सगे भाइयों ने दो लाख रुपये ऐंठ लिए। नौकरी दिलाई नहीं और पैसे मांगने पर जानलेवा धमकी दी। अदालत के आदेश पर बुधवार को मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कमासिन निवासी शेखर कुमार ने बताया कि 12 अक्तूबर 2024 को किसी काम से सैनी गया था। वहां उसकी मुलाकात पूर्व परिचित कड़ा धाम के दौलतपुर कसार निवासी राकेश कुमार व उसके भाई लखनलाल से हुई। आरोप है कि दोनों भाइयों ने उसे सऊदी अरब में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
इसके एवज में 22 अक्तूबर 2024 को दो लाख रुपये ले लिए। आरोपियों ने हफ्ते भर के भीतर वीजा दिलाने की बात कही। हफ्ते भर बाद पीड़ित जब पैसे मांगने लगा तो दोनों भाइयों ने अभद्रता की। पीड़ित ने मामले की शिकायत सैनी पुलिस से की। कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। बुधवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी भाइयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।