करारी थाना क्षेत्र के मीरापुर गांव स्थित बाबा कुटी के पास शनिवार की शाम पांच बजे तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो लोगों को कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अस्पताल डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दो लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दो लोगों को कुचलने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया है। आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी के कैमरे की फुटेज के आधार पर बोलेरो और उसके चालक का पता लगा रही है।
बरई बंधवा गांव के सुखई (55) पुत्र सोहन व बुदुन (56) पुत्र लल्लू साथ में मेहनत मजदूरी करते थे। शनिवार की शाम पांच बजे दोनों लोग बाइक से पिपर कुंडी बाजार सामान खरीदने जा रहे थे। जैसे ही वह दोनों मीरापुर गांव स्थित बाबा कुटी के पास पहुंचे। पीछे से भारत सरकार लिखी तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर परिजनों के साथ मौके पर अरका चौकी पुलिस पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुखई के दो बेटे व एक बेटी तथा बुदुन के चार बेटा व एक बेटी हैं। दोनों लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।