दिवाली से पहले ऑटोमोबाइल बाजार में फिर रौनक लौट आई है। जीएसटी दर घटने से छोटी कारों की कीमतों में 80 हजार रुपये तक की कमी आई है। वहीं बाइक की कीमतों में 10 से 12 हजार रुपये तक की गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते शोरूमों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है और बुकिंग में तेजी आई है।
मंझनपुर स्थित मारुति शोरूम के सीनियर रिलेशन मैनेजर सर्वेश सिंह ने बताया कि उनके यहां सबसे अधिक बिकने वाली कार स्विफ्ट डिजायर की कीमत 9.34 लाख से 8.62 लाख रुपये में बिक रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व बुकिंग करने वालों को भी यह छूट दी जा रही है। अब तक 60 कारों की बिक्री हो चुकी है। धनतेरस व दिवाली से पहले 70 बुकिंग हो चुकी है।
इधर, बाबा टीवीएस डीलर शोरूम के डायरेक्टर अमित कुमार केसरवानी ने बताया कि जीएसटी दर में कमी का असर बाइक पर भी पड़ा है। अब तक 250 से अधिक बाइकों की बिक्री हो चुकी है। हालांकि यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में 70 प्रतिशत कम है। त्योहारी सीजन को देखते हुए शोरूम संचालकों को उम्मीद है कि धनतेरस और दिवाली तक बिक्री में जबरदस्त उछाल आएगा।