कोखराज इलाके से लापता हुईं दो युवतियों को पुलिस ने महाराष्ट्र से बरामद कर लिया है। वहीं लोगों के बीच आरोपी महिला को छोड़े जाने व मानव तस्करी की चर्चा है।
कोखराज इलाके की दो युवतियां कुछ दिन पहले लापता हो गई थीं। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए गांव की एक महिला पर युवतियों को महाराष्ट्र के नागपुर में बेचे जाने की आशंका जाहिर की थी। बताया कि युवतियों को प्रयागराज से महिला ने उन्हें ट्रेन पर बैठाकर भेजा और नागपुर के एक युवक को बेच दिया।
शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने संदेह के दायरे में आई महिला से पूछताछ की और मंगलवार शाम दोनों युवतियों को नागपुर से बरामद कर कोखराज ले आई। इतना ही नहीं, चर्चा तो यहां तक है कि महिला के मोबाइल से कई लड़कियों की तस्वीर मिली हैं। इसके बाद भी उसे छोड़ दिया गया।
लोगों ने आरोपी महिला पर आरोप लगा पुलिस को बताया कि वह युवतियों को नौकरी का सब्जबाग दिखाकर झांसे में लेती है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि दो युवतियों को बरामद किया गया है। वह घूमने के उद्देश्य से महाराष्ट्र गई थीं। फिलहाल बेचे जाने के आरोप अभी पुष्ट नहीं हैं, जांच की जा रही है।