सरायअकिल क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में घूम रहे दो जिला बदर अपराधियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अपराधियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज पुलिस ने उनका न्यायालय चालान भेज दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कोतवाली निरीक्षक विनीत कुमार सिंह ने बताया कि कस्बे के राजातालाब मौलवीगंज मोहल्ला निवासी झगड़ू और खरका निवासी अमरनाथ पासी जिला बदर अपराधी हैं। देशी शराब बनाकर बिक्री करने के आरोप में दोनों को जिला मजिस्ट्रेट ने 27 अक्तूबर 2023 को जिला बदर अपराधी घोषित कर दिया था।
जिला बदर होने के बावजूद दोनों पुलिस को चकमा देकर इलाके में घूम रहे थे। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर झगड़ू को पावर हाउस तिराहे के समीप से और अमरनाथ को एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र फकीराबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाने में लिखापढ़ी के बाद दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया गया।