स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और कड़ाधाम कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात सैनी बस स्टाप के पास से प्रतिबंधित मांस की तस्करी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई की गई थी। दोनों बदमाशों के ऊपर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। शनिवार को पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ लिखापढ़ी कर उनका चालान कर दिया है।
शनिवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान मो. आरिफ उर्फ बूंदी पुत्र नफीस अहमद निवासी खल्लाबाद हाल मुकाम नया नगर प्रथम कस्बा मंझनपुर व मो. शानू उर्फ मुस्तफा पुत्र मुख्तार अली निवासी सरवन नदौरा थाना धाता जनपद फतेहपुर, हाल मुकाम नया नगर मंझनपुर के रूप में हुई है। शानू के खिलाफ फतेहपुर जिले में हत्या का भी अभियोग पंजीकृत है। इसके अलावा वह जिले में प्रतिबंधित मांस की तस्करी में भी आरोपी हैं।
पइंसा कोतवाली पुलिस ने पिछले दिनों उनके खिलाफ गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। दोनों के खिलाफ 10-10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। शुक्रवार रात एसओजी प्रभारी संजय गुप्ता, आरक्षी मनोज यादव, सरताज अहमद, मनीष कुमार व कड़ाधाम कोतवाली के इंस्पेक्टर बृजेंद्र सिंह, आरक्षी गंगा सागर यादव, पुष्पेंद्र यादव की संयुक्त टीम ने उन्हें गिरफ्तार किया। शनिवार को पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी करके चालान कर दिया है।