टप्पेबाजी के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने वाले सगे भाई रविवार की शाम पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए। कोहड़ौर पुलिस घायल आरोपियों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।
उत्तराखंड के रहने वाले आदित्य यादव और दीपक यादव कोहड़ौर इलाके में लगातार चोरी और टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दे रहे थे। दोनों भाइयों ने शनिवार को मध्यप्रदेश के उज्जैन से लौटे गहरौली निवासी विजय वर्मा से बैग लूट कर फरार हो गए थे। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट और टप्पेबाजी की घटना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। रविवार की शाम किशुनगंज मोड़ के समीप चेकिंग पर निकली कोहड़ौर पुलिस की दोनों भाइयों से मुठभेड़ हो गई।
पैर में गोली लगने से दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी धनंजय राय घायल आरोपियों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जानकारी पर एएसपी पूर्वी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने घायलों को एसआरएन प्रयागराज रेफर कर दिया।
एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल ने बताया कि दीपक के खिलाफ 12 से अधिक चोरी और टप्पेबाजी के मुकदमे दर्ज हैं। कई घटनाओं में आदित्य का नाम भी चर्चा में था। पुलिस को काफी दिनों से दोनों सगे भाइयों की तलाश थी।