संवाद न्यूज एजेंसी
मूरतगंज। संदीपनघाट कोतवाली के मनोहरगंज के पास बृहस्पतिवार रात नौ बजे जीटी रोड पर खड़े ट्रक में तेज रफ्तार बाइक सवार युवक पीछे से टकरा गए। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चरवा कोतवाली के पंसौर निवासी मोहनलाल का 19 वर्षीय बेटा कल्यान सिंह व संदीपनघाट इलाके के बलिहावां गांव के जवाहरलाल का 20 वर्षीय बेटा पवन कुमार मूरतगंज के अलग-अलग नर्सिंग होम में काम करते हैं।
बृहस्पतिवार की रात ड्यूटी खत्म कर दोनों एक ही बाइक से घर जा रहे थे। रास्ते में मनोहरगंज के पास इनकी बाइक अनियंत्रित होकर जीटी रोड किनारे खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई।
सूचना के बाद आई कोतवाली पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को पीएचसी मूरतगंज पहुंचाया। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मृतकों के घर पहुंची तो परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। वहीं, जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।