करारी कोतवाली के अमीनपुर संवरो गांव में मंगलवार रात लिव इन रिलेशनशिप का विरोध करने पर बड़े बेटे ने मां व छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी मां-बेटे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी बेटे व उसकी प्रेमिका के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अमीनपुर संवरो निवासी महबूब का बड़ा बेटा फैजान पड़ोस की रुकसाना के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहता है। महबूब इसका विरोध करते हुए फैजान को घर से बाहर रहने का दबाव बना रहा था। इसी बात से फैजान व उसकी प्रेमिका खुन्नस रखने लगे। मंगलवार रात करीब आठ बजे मां खूशनूर से फैजान की किसी बात को लेकर बहस हो गई। इससे नाराज फैजान ने रुकसाना के साथ मिलकर मां व छोटे भाई तसलीम पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे मां-बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गए। चीखपुकार सुन जुटे परिजन और पड़ोसियों ने बीचबचाव कर मामले को शांत कराया। पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजकर आरोपी फैजान व रुकसाना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बंटवारे को लेकर कुनबे पर कुल्हाड़ी से हमला, वृद्ध गंभीर
कोतवाली के बैरमपुर गांव में बंटवारे के विवाद में कुल्हाड़ी व डंडे से हमला कर कुनबे को बेरहमी से पीटा गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां वृद्ध की हालत गंभीर है। उसे खून की उल्टी हो रही है। केस दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैरमपुर निवासी रवि कुमार ने बताया कि सोमवार शाम वह परिवार के साथ घर के बाहर बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी पट्टीदार भुल्लू उर्फ दुर्गा प्रसाद हिस्सा-बांट को लेकर गाली गलौज करने लगे। इसका विरोध उसके पिता बड़कू उर्फ बच्चालाल ने किया तो परिवार के लोगों को बुलाकर उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पिता पर हमला हुआ तो वह और उसकी बहन बीच-बचाव करने पहुंच गई।
तीनों को आरोपी भुल्लू व उसके परिवार की गोलकी, ननका, पूनम देवी ने लाठी-डंडे से पीट दिया। गांव के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया। सूचना के बाद आई पुलिस ने घायलों को मेडिकल के लिए भेजा। रवि की तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घायल बड़कू उर्फ बच्चालाल की हालत गंभीर बनी हुई है।