कोखराज थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) प्रयागराज की संयुक्त टीम ने 100 किलोग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय को गिरफ्तार किया है। पुलिस गांजे की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये बता रही है। तस्करों के पास से एक कार और एक फोन भी बरामद किया है।
एसपी सत्यनारायण ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से कार में गांजे की खेप फतेहपुर ले जाई जा रही है। सूचना पर कोखराज टोल प्लाजा के दोनों ओर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की गई।
प्रयागराज कट के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो डिकी में टेप से लिपटे 54 पैकेटों में 100 किलो गांजा मिला।
साथ दी पुलिस ने दो तस्करों को भी पकड़ा। उनकी पहचान फतेहपुर के थाना हथगांव, गांव कुठली निवासी अयान उर्फ गयासू और राहुल कुमार के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे हथगांव के एक व्यक्ति के कहने पर ओडिशा से गांजा लाने का काम करते थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। यहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस तीसरे व्यक्ति की तलाश में जुटी गई है। साथ ही गांजा तस्करी के नेटवर्क का भी पर्दाफाश करने में लगी है।