करारी और मंझनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात हिशामपुर नहर पुलिया के पास मुठभेड़ में गोकसी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इससे पहले मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीसरा अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन घेराबंदी कर उसे भी पकड़ लिया गया।
घटना रात करीब 11:30 बजे की है। पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली थी कि करारी क्षेत्र में गोकशी करने वाले आरोपी मौके पर मौजूद हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख तीनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, इस दौरान हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक पूछताछ में घायल आरोपियों ने अपने नाम तुफैल अहमद पुत्र मोहम्मद महबूब और मुन्ना पुत्र रहमत अली बताए। वहीं कांबिंग के दौरान गिरफ्तार तीसरे आरोपी ने अपना नाम नायब पुत्र मोहम्मद अतहर निवासी मंझनपुर बताया। तीनों आरोपी करारी थाना वांछित थे और उन पर क्षेत्र में हुई गोकशी की वारदात का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि तीनों आरोपी शातिर हैं। मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे कार्रवाई की जा रही है।