महेवाघाट (ब्यूरो)। गिट्टी और राख से भरे दो ट्रक शनिवार की सुबह महेवाघाट के टिकरा गांव के समीप भिड़ गए। आमने-सामने की इस टक्कर में दोनों ट्रक के चालक, खलासी समेत 5 लोग घायल हो गए। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारण छह घंटे तक मूरतगंज-राजापुर मार्ग बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन मंगाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया।
एनटीपीसी ऊंचाहार (रायबरेली) से राख लेकर कर्वी चित्रकूट जा रहा ट्रक शनिवार की सुबह करीब 5 बजे जैसे ही कौशाम्बी के टिकरा (महेवाघाट) गांव के समीप पहुंचा। सामने से गिट्टी लेकर आ रहे ट्रक से भिड़ गया। ट्रकों की आमने-सामने हुई टक्कर में ट्रक ड्राइवर अशोक कुमार (35) पुत्र राम अवतार निवासी कुंडा प्रतापगढ़, मनीष कुमार (32) पुत्र रामबदल निवासी गोपालपुर कानपुर, खलासी पिंकू सिंह निवासी ऊंचाहार रायबरेली और दूसरे ट्रक का चालक राजकरन (28) पुत्र मथुरा प्रसाद, खलासी पप्पू (22) पुत्र रामप्रसाद निवासी भरतकूप चित्रकूट घायल हो गए। ट्रकों के टकराने की आवाज और घायलों की चीख-पुकार पर गांववाले जुट गए।
सूचना पर पहुंची महेवाघाट थाने की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में घायल होकर फंसे चालक, खलासी को ग्रामीणों की मदद बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दुर्घटना के कारण मूरतगंज-राजापुर मुख्यमार्ग पर वाहनों का आवागमन करीब छह घंटे तक ठप रहा। क्रेन मंगाकर पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया। इसके बाद दिन में करीब 11 बजे रास्ता साफ हो सका।