कौशाम्बी ब्लॉक की मकदुमपुर ढोकसहा ग्राम पंचायत में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी ग्रामीणों के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गई है। चारों तरफ सड़कों की खुदाई से लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि एक टंकी से चार गांवों में पानी सप्लाई की योजना है, लेकिन कई जगह अब तक पाइपलाइन नहीं डाली गई। टंकी से छोड़ा जा रहा पानी सीधे नाले में बह रहा है। बिना पूरी व्यवस्था किए केवल औपचारिकता निभाई जा रही है।
जहां पाइपलाइन डाली गई है, वहां भी कई स्थानों पर लीकेज की समस्या बनी हुई है, जिससे पानी बर्बाद हो रहा है और कई घरों तक सप्लाई नहीं पहुंच पा रही। शादी-विवाह के मौसम में गड्ढों और कीचड़ के कारण रिश्तेदारों और ग्रामीणों को गांव में आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
पूरे गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डाली गई है, लेकिन कहीं पानी पहुंच रहा है और कहीं बिल्कुल नहीं। जहां पानी पहुंच रहा है वहां भी भारी लीकेज है और कई घरों तक सप्लाई नहीं हो पा रही। - अरविंद कुमार
कहीं पानी नहीं है और जहां है वहां गंदगी है। जगह-जगह गड्ढे खोदे होने से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। -इंद्रपाल
गांव के अंदर घुसना तक मुश्किल हो गया है। जगह-जगह गड्ढे खोदे गए हैं, जिससे शादी-विवाह के समय रिश्तेदारों को भारी परेशानी होती है। कभी लोग कीचड़ में गिरते हैं तो कभी गड्ढों में फंस जाते हैं। - दिनेश कुमार
ग्राम पंचायत मकदुमपुर ढोकसहा के लिए टंकी निर्धारित की गई थी, लेकिन जमीन न मिलने के कारण ग्राम पंचायत मेडरहा को भी इससे जोड़ दिया गया। इसी वजह से पूरा कार्य अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। इसकी शिकायत ग्राम विकास कार्यालय में भी की गई है। -मनीषा देवी, ग्राम प्रधान
ग्राम पंचायत से शिकायत मिली है। इस संबंध में विभाग को पत्र लिखकर नोटिस दी जाएगी। यदि जल्द से जल्द कार्य सुचारु नहीं कराया गया तो जवाबदेही जल निगम की होगी। - सुरेश कुमार राय , खंड विकास अधिकारी
अरविंद कुमार
अरविंद कुमार
अरविंद कुमार
अरविंद कुमार
अरविंद कुमार