उपखंड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुधारने के लिए विभाग ने करोड़ों रुपये खर्च कर ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता तो बढ़ा दी, लेकिन बिना बैरिकेडिंग के रखे ये ट्रांस्फॉर्मर हादसों को दावत दे रहे हैं। मंगलवार को बिना बैरिकेडिंग के रखे ट्रांसफाॅर्मरों की अर्थिंग की चपेट में आने से एक बकरी की मौत हो गई।
दरहा गांव के रहने वाले कुलदीप सिंह, रसूलपुर टप्पा निवासी त्रिभुवन लाल और लोधौर निवासी परवेज उस्मानी का कहना है कि खुले ट्रांसफाॅर्मर कभी भी जानलेवा हादसा हो सकता है।
रसूलपुर टप्पा में ट्रांसफाॅर्मर की अर्थिंग से बकरी की मौत
सरायअकिल उपकेंद्र के रसूलपुर टप्पा गांव निवासी गोकुल कुमार, महताब आलम और राम मगन ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले यहां 250 केवीए क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर लगाया गया था। ट्रांसफाॅर्मर जमीन पर बिना बैरिकेडिंग के रखा है और उसकी अर्थिंग भी खुले में है। मंगलवार को करंट की चपेट में आकर एक बकरी की मौत हो गई। पास ही स्थित परिषदीय विद्यालय के बच्चे अक्सर सड़क किनारे खेलते हैं, जिससे बड़ा खतरा बना हुआ है।
दरहा गांव में लोगों ने खुद बनाई अस्थायी दीवार
पुरखास उपकेंद्र के दरहा गांव में भी हालात कुछ ऐसे ही हैं। ग्रामीण शैलेंद्र कुमार, छोटे और कंचन सिंह ने बताया कि यहां 25 केवीए की जगह अधिक क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर पोल के नीचे रखकर आपूर्ति शुरू कर दी गई है। सुरक्षा के अभाव में ग्रामीणों ने खुद ही ईंटों की अस्थायी दीवार खड़ी कर दी है, लेकिन पक्की बैरिकेडिंग नहीं होने से खतरा बना हुआ है।
लोधौर में खुले में रखे ट्रांसफाॅर्मरों इसे मंडरा रहा खतरा
उपकेंद्र पेरई अंतर्गत लोधौर गांव निवासी परवेज आलम, राजसिंह और जगदीश सोनी ने बताया कि पुलिस चौकी के पीछे कच्ची सड़क किनारे जमीन पर बिना बैरिकेडिंग का 100 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर रखकर वर्षों से बिजली आपूर्ति हो रही हैे। जिससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों और बच्चों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
ट्रांसफाॅर्मरों की बैरिकेडिंग ज्यादातर जगहों पर की जा चुकी है। जहां अभी तक नहीं हुई है। ठेकेदार को बैरिकेडिंग का निर्देश दिया गया है। जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा। -रामहरि, अधिशाषी अभियंता, बिजली उपखंड चायल।
रसूलपुर टप्पा गांव के खुले में रखे ट्रांसफार्मर की अर्थिंग से मरी पड़ी बकरी। संवाद
रसूलपुर टप्पा गांव के खुले में रखे ट्रांसफार्मर की अर्थिंग से मरी पड़ी बकरी। संवाद