मंझनपुर (ब्यूरो)। मानदेय नहीं मिलने से परेशान प्राथमिक स्कूलों के प्रशिक्षु शिक्षकों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। आक्रोशित शिक्षकों ने बीएसए कार्यालय के सामने बैठक करके हुंकार भरी। बीएसए को ज्ञापन देकर जल्द मानदेय भुगतान की मांग की। हफ्तेभर के भीतर भुगतान नहीं किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बैठक में टीईटी उत्तीर्ण संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष विपिन श्रीवास्तव ने कहाकि प्रशिक्षु शिक्षकों की तैनाती को पांच महीने बीत रहा है। अभी तक उन्हें एक भी माह का मानदेय नहीं दिया गया है। जबकि मानदेय की धनराशि शासन से भेजी जा चुकी है। अफसरों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। प्रदेश के कई जिले में प्रशिक्षु शिक्षकों को मानदेय दिया जा चुका है। जनपद के शिक्षकों को मानदेय नहीं मिलने की वजह से वे आर्थिक तंगी के शिकार हैं। कहाकि मानदेय भुगतान को लेकर अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र दिया गया। उन्होंने मानदेय भुगतान के लिए अफसरों को हफ्ते भर की मोहलत दी है। चेतावनी दी है कि इसके बाद आंदोलन करेंगे। इस मौके पर पवन पटेल, पीयूष त्रिपाठी, अखिलेश कुमार, अविनाश कुमार, प्रभात कुमार, नीतू शर्मा, अंशिका, तपस्या, शिखा शुक्ला, सोनम सोनी, खालिद आदि मौजूद रहीं।