मंझनपुर चौराहे पर कुछ इस तरह से सड़क पर खड़े वाहन। संवाद
मंझनपुर। ऑटो और ई-रिक्शा से लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बीते सप्ताह परिवहन विभाग ने 10 से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की थी। इसके ठीक दो दिन बाद फिर ऑटो और ई-रिक्शा चालक सड़कों पर घूमने लगे हैं जिसके कारण सुबह से ही जाम की स्थिति बनने लगती है।
मंझनपुर के मुख्य चौराहे पर आए दिन जाम लगता है। एंबुलेंस और पैदल यात्री ही नहीं अधिकारी भी जाम में फंसकर परेशानियां झेलते हैं। इस समस्या के समाधान के लिए परिवहन विभाग ने प्रयास किया था। नगर पालिका प्रशासन ने भरवारी, करारी और सिराथू रोड में ऑटो पार्किंग बनाए हैं। उसके बाद भी चालक अपना ऑटो और ई-रिक्शा सड़क पर ही खड़ा करके सवारी भरते हैं।
ऐसे में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। कपड़ा व्यापारी अनुज ने बताया कि यातायात व्यवस्था धड़ाम होने से जाम तो लगता ही है, व्यापार पर भी दुष्प्रभाव पड़ रहा है। ग्राहक आते हैं और बाहर उन्हें वाहन खड़ा करने की जगह नहीं मिलती। ऐसे में दूसरी दुकान चले जाते हैं। इसी तरह सोनू ने बताया कि शाम को कई बार पुलिस शाम को गश्त पर निकलती है तो उनसे इसकी शिकायत की जाती है लेकिन ऑटो और ई-रिक्शा चालकों पर इसका कोई असर नहीं पड़ता।
सड़कों पर ऑटो व ई-रिक्शा न खड़ें हो इसके लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है। फिर भी अगर चालक अपना वाहन सड़क पर खड़ा करते हैं तो अभियान चलाकर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संजय तिवारी, सदर कोतवाल