मूरतगंज बाजार में लगा जाम। संवाद
- फोटो : महाराजा सुहेलदेव स्मारक स्थल पर रविवार को आयोजित विजयोत्सव।
मूरतगंज बाजार में खरीदारी और रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों के लिए सड़क पर चलना मुश्किल होता जा रहा है। सड़क किनारे बनी पटरियों, फुटपाथों और नालों पर बढ़ते अतिक्रमण ने बाजार की रफ्तार थाम दी है।
हालत यह है कि सुबह और शाम के समय बाजार में हर कुछ मिनट में जाम लग रहा है। राहगीरों से लेकर स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और वाहन चालकों तक को घंटों परेशानी झेलनी पड़ रही है।
बाजार में दुकानदारों के सामान सड़क तक फैलाने और ठेला-खोमचा लगने से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है। वहीं ऑटो और ई-रिक्शा चालक बीच सड़क पर सवारी भरते हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है।
स्थानीय निवासी प्रमोद ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले पार्किंग स्थल बनाया गया था, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते उसका उपयोग नहीं हो रहा। अगर वाहनों की पार्किंग तय स्थान पर कराई जाए तो बाजार में काफी हद तक जाम की समस्या कम हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण और अव्यवस्थित वाहन खड़े होने से बाजार में पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द अभियान चलाकर फुटपाथ और सड़क को खाली कराने की मांग की है।
टेंपो और टैक्सी चालकों को स्टैंड पर ही वाहनों को खड़ा करने के निर्देश दिए गए हैं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फुटपाथों और पटरियों से अतिक्रमण हटाने के लिए जल्द अभियान चलाया जाएगा। -राम सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद भरवारी