सिराथू रेलवे स्टेशन पर अपनी मांगो को लेकर प्रदर्शन करते व्यापारी। संवाद
रेलवे मार्ग पर अंडर ब्रिज निर्माण और रास्ता बंद किए जाने के विरोध में रविवार को व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने स्टेशन पर प्रदर्शन किया। उन्होंने डीआरएम प्रयागराज को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक गोपाल वर्मा को सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि रास्ता बंद किया गया तो वे धरने पर बैठेंगे।
पांच साल पहले ओवरब्रिज बनने के बाद से छोटे वाहनों और राहगीरों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं, जिसके चलते अंडर ब्रिज बनाने की मांग लगातार उठ रही है। रेलवे ने दो बार सर्वे कर डीपीआर भी भेजा था लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। अब प्लेटफार्म नंबर दो और तीन का रास्ता बंद करने की तैयारी की जा रही है, जिससे स्टेशन तक पहुंचने के लिए लोगों को करीब एक किलोमीटर तक चक्कर लगाना पड़ेगा। इस समस्या को लेकर नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र केसरवानी, भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष नुरुल इस्लाम, चेयरमैन भोला यादव आदि ने प्रदर्शन किया।
भरवारी में आरयूबी निर्माण की भूमि का लिया जायजा
दिल्ली हावड़ा रूट के सबसे व्यस्ततम रेलवे क्राॅसिंग भरवारी का रविवार की शाम एसडीएम सिराथू योगेश गौड़ ने निरीक्षण किया। उन्होंने नई बाजार की तरफ पानी की टंकी, बस स्टॉप तक जायजा लिया। एसडीएम ने कहा कि रेलवे विभाग की टीम के साथ स्थलीय सर्वे व निरीक्षण किया गया है। सुरक्षा कारणों से इस फाटक को स्थायी रूप से बंद करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तहसील सिराथू में पड़ने वाली भूमि के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट रेलवे विभाग को भेजी जाएगी।