सराय अकिल थाना क्षेत्र के रकसराई गांव में मंगलवार शाम सड़क हादसे में 70 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ट्रैक्टर समेत चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वृद्धा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रकसराई गांव निवासी घम्मी (70), पत्नी बंशी लाल, मंगलवार दोपहर परिवार के साथ घर पर थीं। शाम करीब पौने पांच बजे वह मवेशियों को चारा डालने के लिए घर से निकलीं। घर के बाहर मिठऊआ पुल के पास सड़क पार करते समय सराय अकिल के करन चौराहा की ओर से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर मौजूद उनके नाती पुष्कर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बारा ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बेटे राम सुमेर मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने चालक और ट्रैक्टर को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।