सैनी कोतवाली क्षेत्र के रूपनारायणपुर गोरियों गांव में सोमवार रात इंटर की छात्रा का शव घर के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उसे तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी रमेश कुमार मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिजनों के अनुसार उनकी 18 वर्षीय बेटी अंशू इंटर की छात्रा थी। सोमवार रात घर के भीतर छत में लगे लोहे के हुक से रस्सी के फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने उसे नीचे उतारकर आनन-फानन में सिराथू के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
परिजनों का कहना है कि घर के काम को लेकर मामूली डांट-फटकार के बाद छात्रा नाराज थी। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही होगी।
सैनी पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।