कोखराज(कौशाम्बी)। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर कोखराज के समीप रविवार दोपहर ओवरटेक करने के चक्कर में बौद्ध भिक्षुओं की टूरिस्ट वैन रोड रोलर से टकरा गई। हादसे में वैन सवार पांच बौद्ध भिक्षु जख्मी हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने सभी का इलाज कराया और तपोस्थली कौशाम्बी भेज दिया।
इन दिनों कंबोडियाई बौद्ध भिक्षुओं का जत्था भारत भ्रमण पर निकला है। ये लोग दिल्ली में ठहरे थे। दो दिन पहले दिल्ली से इनका जत्था तथागत बुद्ध की तपस्थली कौशाम्बी में पूजा-पाठ के लिए ट्रेवलर वैन और बस से निकला।
ट्रेवलर में 20 और बस में 75 बौद्धिष्ट सवार थे। ये लोग पहले कानपुर के शंकिसा में रुके। इसके बाद रविवार सुबह कौशाम्बी के लिए निकले। दोपहर करीब ढाई बजे कोखराज कोतवाली के समीप ट्रेवलर आगे चल रहे रोड रोलर से भिड़ गया।
हादसे में कंबोडिया के बौद्ध भिक्षु चैत सोंग, सन्न ओन, कुनजियोन, टेक चंदिमा, सोम सोमुइन जख्मी हो गए। हादसा होते ही पीछे बस पर सवार बौद्धिष्ट भी गाड़ी रुकवाकर उतर गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सीओ अवधेश विश्वकर्मा, कोखराज कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक इलाज कराने के बाद घायल व अन्य तपोस्थली के लिए रवाना हो गए। सभी बौद्धिष्ट कंबोडिया मंदिर में ठहरे हैं। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
-
वर्जन
दिल्ली से कौशाम्बी भ्रमण के लिए आए कंबोडिया के बौद्ध भिक्षुओं की टूरिस्ट वैन कोखराज के पास रोड रोलर से टकरा गई थी। हादसे में दो बौद्ध भिक्षुओं को चोटें आई हैं। घायलों का उपचार कराने के बाद सभी को सकुशल गंतव्य स्थान के लिए भेज दिया गया। अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।अवधेश विश्वकर्मा, सीओ-सिराथू
-
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल
सिराथू। सैनी कोतवाली के टेढ़ीमोड़ के समीप ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली के हकीमपुर बहराना निवासी पवन कुमार रविवार दोपहर अपनी पत्नी प्रीती के साथ बाइक से किसी रिश्तेदार के यहां सैनी जा रहे थे। टेढ़ीमोड़ के पास पीछे से आए ट्रक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में जख्मी बाइक सवार दंपती को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए सिराथू सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दंपती को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उधर, हादसे के बाद जुटे ग्रामीणों ने चालक समेत ट्रक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। संवाद
कोखराज के समीप मार्ग हादसे में क्षतिग्रस्त टूरिस्ट बस। स्रोत: सोशल मीडिया