सैनी कोतवाली के कनवार का मजरा ननका का पुरवा गांव के तीन युवकों की बाइक फतेहपुर जनपद के खखरेरू थाना के उमरा गांव के समीप बिजली के पोल से टकरा गई हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची फतेहपुर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को खबर कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवकों की मौत की खबर पर घर में कोहराम मच गया।
कनवार का मजरा ननका का पुरवा निवासी मंजीत यादव (21) पुत्र विजय लाल जेसीबी चालक है। मंजीत शनिवार की दोपहर लगभग चार बजे गांव के अंकुश यादव (18) पुत्र हरिश्चंद्र और रिश्तेदारी में मौसिया अमरजीत के घर आए सैनी कोतवाली के गुलामीपुर निवासी अनिल यादव (27) पुत्र जय पाल के साथ बाइक से खखरेरू की ओर जा रहे थे।
बाइक सवार जैसे ही फतेहपुर जनपद के खखरेरू थाना के उमरा गांव के समीप पहुंचे तभी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई।सूचना पर पहुंची खखरेरू पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त के बाद परिजनों को खबर कर औपचारिकता पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों में अनिल यादव अपने मौसिया अमरजीत के घर शुक्रवार को घूमने गया था, जो होटल में काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। अंकुश भी मजदूरी करता था। रक्षाबंधन के त्योहार पर शुक्रवार को घर आया था। तीनों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।