पिपरी इलाके में काम दिलाने का झांसा देकर प्रयागराज की महिला से गोशाला में सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पुलिस ने मामले को दबाने के लिए खेल किया है। सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के हांथ-पांव फूल गए। पुलिस अब मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कर रही है।
प्रयागराज के धूमनगंज इलाके की एक महिला मुंडेरा मंडी में काम करती है। मुंडेरा मंडी में ही खरीद फरोख्त के दौरान पिपरी कोतवाली के चायल निवासी एक युवक से उसकी अक्सर मुलाकात होती थी। आरोप है कि पखवाड़े भर पहले युवक ने उसे काम दिलाने का झांसा देकर कार से चायल स्थित अपनी गोशाला ले गया। वहां तीन युवकों के साथ मिलकर उसने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया।
मामले की जानकारी पड़ोसियों को हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया। आरोपी के पड़ोसियों और भुक्तभोगी महिला का आरोप है कि सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर पुलिस तीनों आरोपियों को चायल चौकी लाई। आरोप है कि सांठगांठ कर पुलिस ने तीनों आरोपियों को छोड़कर मामले को रफा-दफा कर दिया। सोमवार को सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो वायरल हो गया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती।
-
सामूहिक दुष्कर्म की घटना जानकारी में नहीं है। किसी ने शिकायत भी नहीं की है। वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। - अभिषेक सिंह, सीओ चायल