जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण प्रजापत ने शुक्रवार देर रात निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया। तीन थाना प्रभारियों को हटाकर उनकी जगह अन्य निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। आदेश के मुताबिक संदीपन घाट थाना प्रभारी इंद्रदेव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह क्राइम ब्रांच में तैनात आशुतोष सिंह को संदीपन घाट का प्रभारी बनाया गया है। एसपी कार्यालय के वाचक निरीक्षक संतोष शर्मा को कोखराज थाने की कमान सौंपी गई है। कोखराज प्रभारी रहे चंद्रभूषण मौर्य को मोहब्बतपुर पइंसा थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि वहां तैनात राजेंद्र कुमार वर्मा को चुनाव सेल भेजा गया है। कौशाम्बी थाना प्रभारी केके यादव को विशेष जांच प्रकोष्ठ भेजते हुए उनकी जगह फील्ड यूनिट के निरीक्षक जगदीश कुमार को नया थाना प्रभारी बनाया गया है।
कोखराज में चंद्रभूषण मौर्य को भावभीनी विदाई
मंझनपुर। स्थानांतरण के बाद शनिवार को कोखराज थाने में चंद्रभूषण मौर्य के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें माल्यार्पण और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में थाना स्टाफ, चौकी प्रभारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। संवाद