सर्पदंश से पिता-पुत्र समेत तीन की मौत
करारी कोतवाली क्षेत्र के बभनकांटी व पश्चिमशरीरा के बाकरगंज गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
मंझनपुर/पश्चिमशरीरा। करारी कोतवाली क्षेत्र के बभनकांटी गांव में पांच दिन पहले सर्पदंश से जख्मी पिता-पुत्र की शुक्रवार रात मौत हो गई। पश्चिमशरीरा के बाकरगंज में सर्पदंश से किसान की मौत हो गई। इससे पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है।
बभनकांटी निवासी रामप्रकाश (38) खेती करके परिवार का खर्च चलाता था। दो सितंबर की रात वह अपने बेटे मोहित (8) के साथ बरामदे में सो रहा था। इसी बीच सांप ने पिता-पुत्र को डस लिया। परिजनों ने पहले झाड़-फूंक कराया। आराम नहीं मिलने पर नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। वहां एक निजी अस्पताल में शुक्रवार रात दोनों की सांसें थम गईं। मौत की मनहूस खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन दहाड़े मारकर रो पड़े। पीड़ितों को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पर पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। परिवारीजनों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया है। मामले में सदर एसडीएम सतीश चंद्र का कहना है कि पीएम होता तो ही मुआवजे की कार्रवाई की जा सकती थी। इसी तरह से पश्चिमशरीरा के बाकरगंज निवासी मानसिंह (45) पुत्र छविलाल शनिवार की सुबह 11 बजे धान का खेत देखने गए थे। तभी मेड़ के पास सर्प ने डस लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। आननफानन में परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।