किसान के घर से नकदी-जेवर चोरी
करारी के सचवारा गांव की घटना, गौहानी और दशरथपुर में भी वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
म्योहर। करारी कोतवाली क्षेत्र के सचवारा गांव में शुक्रवार रात ताला तोड़कर एक घर से चोरों ने नकदी, गहने समेत लाखों का माल पार कर दिया। इलाके के गौहानी और दशरथपुर गांव में भी चोरी की घटनाएं हुईं। गृहस्वामियों की तहरीर लेकर पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
सचवारा निवासी चंद्रपाल किसानी करके परिवार का खर्च चलाता है। शुक्रवार रात वह और परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सो गए। इस दौरान ताला तोड़कर चोर करीब ढाई लाख रुपये के गहने, 50 हजार रुपये नकद, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर आदि उठा ले गए। सुबह घटना की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जांच की। इसी तरह दशरथपुर निवासी बंशीलाल के यहां से चोर तीन बकरी खोल ले गए। गौहानी निवासी कमलेश के घर से करीब पांच हजार रुपये का माल पार कर दिया। इस गांव के रामबालक के यहां भी चोरी का प्रयास किया। पर, जगहट हो जाने के कारण कामयाब नहीं हो सके।