बारा (कौशाम्बी)। कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गढ़वा गांव में शनिवार की रात बेखौफ चोरों का जमकर कहर बरपा। सेंध काटकर चोर तीन घरों से नगदी, गहने, बर्तन, कपडे़ समेत लाखों का माल समेट ले गए। घटना की जानकारी भुक्तभोगी परिवारों को सुबह जागने पर हुई। घर का बिखरा सामान देख परिजनों के होश उड़ गए। लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर पुलिस मौका मुआयना करने भी नहीं आई। इसे लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त गुस्सा है।
कौशाम्बी कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गढ़वा गांव निवासी नत्थू लाल पुत्र हीरा लाल किसान है। बताया कि उसे लोहिया आवास आवंटित है। शनिवार को उसने मकान निर्माण के लिए बैंक में आई रकम निकाली थी। 22 हजार घर में रखने के बाद शेष रकम ईंट-बालू के लिए दुकान में जमा कर दी थी। रात सेंध काटकर घर के भीतर घुसे चोर 22 हजार रूपये के साथ ही सोने-चांदी के गहने आदि करीब 1.50 लाख रुपये का सामान उठा ले गए। नत्थूलाल का घर खंगालने के बाद चोरों ने पड़ोसी बराती लाल पुत्र सियंबर और चमेलिया पत्नी पीतांबर के घर में भी नकबजनी की। तीनों घरों से चोरों ने नगदी, गहने, बर्तन, कपड़े आदि करीब दो लाख रूपये का सामान पार कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर दबे पांव भाग निकले।
गृहस्वामियों को घटना की जानकारी सुबह हुई तो उनके होश उड़ गए। रात हुई चोरी की वारदात से ग्रामीणों में दहशत पसर गई है। पीड़ित परिवार का आरोप है चोरी की रिपोर्ट दर्ज करना तो दूर पुलिस घटनास्थल तक नहीं जांच के लिए भी नहीं आई। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की गश्त नहीं होने से बेखौफ चोरों का गिरोह रोजाना दुकान-मकान खंगाल रहा है।
सोती रही पुलिस, लुटते रहे ग्रामीण
बारा(ब्यूरो)। बेखौफ चोर एक के बाद सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे रहे है। और घटनाओं की भनक तक गश्त करने वाली पुलिस को नहीं लग रही है। पुलिस की गश्त नहीं होने से बेखौफ चोरो का गिरोह एक के बाद एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे रहा है। गश्त के नाम पर खाना पूर्ति करने के बाद पुलिस टीम सो जाती है। इससे साफ है कि पुलिस रात भर खर्राटे भरती रहती है और चोर वारदात करते रहते है।
शनिवार की रात कौशाम्बी कोतवाली से महज दो गज दूरी पर तराई में बसे बड़ा गढ़वा गांव में चोर तीन घरों से हजारों की संपत्ति पार कर दिया। लोगों का कहना है कि पुलिस की गश्त नहीं होने और घटनाओं के खुलासे में लापरवाही के चलते चोरी की वारदातों में बढ़ोत्तरी हो रही है। शिकायत के बाद भी पुलिस अफसर खामोशी अख्तियार किए हैं।