सड़क दुर्घटनाओं में बालिका समेत तीन की मौत
कोखराज कोतवाली क्षेत्र में ट्रक और तिपहिया ने बाइक में मारी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
भरवारी/मूरतगंज। कोखराज कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में रविवार सुबह एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक अन्य हादसे में एक बालिका की मौत हो गई। हादसे से पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फकीर बक्श का पूरा (कोखराज) निवासी रुआब अली रविवार सुबह पत्नी शाहजहां (48) व बेटे आफताब (18) के साथ किसी काम से भरवारी जा रहा था। भरवारी कस्बे में ही गौरा रोड के समीप पीछे से आए बालू से ओवरलोड ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार सभी लोग गिर गए। इस दौरान ट्रक शाहजहां को रौंदते हुए गुजर गया। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दुर्घटना देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एंबुलेंस से घायल रुआब व उसके बेटे आफताब को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया है। इसी तरह मितवापुर गांव का राजू (24) सुबह पड़ोसी रवि के साथ मूरतगंज जा रहा था। बलिहावां के समीप पीछे से आई विक्रम ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में राजू को मौके पर ही सांसें थम गईं। रवि को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। वहीं परसरा गांव की काजल (9) पुत्री खुन्नीलाल शाम को मां के साथ खेत गई थी। लौटते वक्त परसरा चौराहे पर सड़क पार करते समय एक कार ने उसे रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से पीड़ित परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं।