चरवा चौराहा स्थित परचून की दुकान के गल्ले से नकदी निकालने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में दो युवकों को लोगों ने पकड़ लिया था। जबकि भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक भाग निकला था।
कस्बा चरवा चौराहा निवासी होरी लाल केशरवानी की परचून की दुकान है। रविवार शाम चार बजे के करीब एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और आटा मांगने लगे। होरीलाल आटा लेने भीतर चले गए। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने गल्ले से करीब दो हजार रुपये निकाल लिया। दुकानदार की नजर पड़ने पर तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर भागने लगे।
दुकानदार ने भाग रहे युवकों को लोगों की मदद से पकड़ लिया। इनमें से एक आरोपी नाबालिग है। पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम अमन निवासी चकनिरातुल थाना खुल्दाबाद, प्रयागराज बताया। जबकि फरार तीसरे साथी ने अपना नाम हरखूमनी निवासी चकनिरातुल बताया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से दो हजार रुपये नकद, एक बाइक समेत दो मोबाइल फोन बरामद किया।