चरवा कोतवाली के मदनमोहन नगर (सझिया) मोहल्ले में रविवार शाम बेकाबू पिकअप ने सवारियों से भरी ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर पिकअप चालक को वाहन सहित हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
समसपुर गांव निवासी ऑटो चालक कुलदीप पांडेय ने बताया कि रविवार शाम मनौरी बाजार से सवारियां भरकर वह चरवा की ओर जा रहा था। ऑटो में आठ सवारियां थीं। जैसे ही वह सझिया मोहल्ले में शिव प्रयाग गार्डन के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने अनियंत्रित होकर ऑटो में टक्कर मार दी।
हादसे में ऑटो सवार बड़ा गांव की मोनी और धमसेड़ा गांव निवासी राहुल यादव के साथ-साथ चालक कुलदीप पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य सवारियों को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, पिकअप चालक काजू गांव निवासी उमेश को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर घटना की छानबीन में जुट गई है।