इंस्टाग्राम पर दोस्ती करने के बाद नौकरी व लकी ड्रॉ का झांसा देकर युवती से 9.55 लाख की ठगी करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के दारानगर कस्बे की वर्षा साहू पुत्री धीरज लाल ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसने आईडी बना रखी है। वर्षा की मानें तो बीती 21 मई को उसकी आईडी पर विल्सन एलेक्स नाम से फ्रेंड रिक्वेट आई, जिसे उसने एक्सेप्ट कर लिया।
इसके बाद साइबर बदमाश इंस्टाग्राम पर ही चैटिंग के जरिये बातचीत करने लगे। नौकरी और लकी ड्रॉ निकलने का झांसा देकर बदमाशों ने एक जून से लेकर छह जून तक के बीच अपने खाते में वर्षा से 9.55 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में चैटिंग करना बंद कर दिया तो वर्षा के होश उड़ गए। वर्षा की तहरीर पर 11 अगस्त को कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया।
एसपी अभिनंदन ने प्रकरण की जांच साइबर सेल को सौंप दी। साइबर सेल ने सर्विलांस की मदद से सोमवार सुबह आरोपी विशेष गुप्ता, राशिद अली निवासी बीएडी कालोनी, बड़ी बिहार, थाना इज्जतनगर जिला बरेली व इसी जिले के फरीदपुर निवासी सुरजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया।
दोपहर को एसपी कार्यालय स्थित दुर्गा भाभी सभागार में पत्रकार वार्ता करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन बाइक, तीन मोबाइल फोन, 96 आधार कार्ड, 25 एटीएम कार्ड, 34 पासबुक, 96 चेकबुक, 99 पैनकार्ड व 15 हजार रुपया नकद बरामद किया गया है। आरोपियों ने पूर्व में कई लोगों को ठगने का जुर्म कुबूल किया है।