कोविड जांच कराने के बाद आप संक्रमित हैं या नहीं, इसकी रिपोर्ट जानने के लिए अब सरकारी अस्पताल या जांच केंद्र का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। अब आप घर बैठे अपने मोबाइल पर जांच रिपोर्ट की जानकारी हासिल कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जनसामान्य के लिए वेबसाइट लिंक जारी किया है। आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी वेबसाइट में डालते ही रिपोर्ट सामने दिखेगी। सरकार के इस अभिनव पहल से मरीज व उनके तीमारदारों को काफी सहूलित मिलेगी। पॉजिटिव मरीजों को तो उनके संक्रमित होने की जानकारी मिल जाती है। पर, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आती है उन्हें इसका पता नहीं चल पाता है। ऐसे में रिपोर्ट निगेटिव है या पॉजिटिव, इसे जानने के लिए जांच कराने वाले लोग अस्पतालों का चक्कर लगाते रहते हैं।
इसके बाद भी रिपोर्ट की सही जानकारी नहीं मिल पाती है। सबसे ज्यादा परेशानी दूसरे मर्ज से पीड़ित लोगों को अस्पतालों में इलाज कराने के दौरान होती है। क्योंकि शहर के अस्पताल बगैर कोविड जांच रिपोर्ट के इलाज ही नहीं करते हैं। अक्सर मरीजों को इलाज कराने के लिए प्राइवेट लैब में जेब ढीली कर कोविड जांच करानी पड़ती है। ताकि, रिपोर्ट तो हाथ में मिल जाए। इसे लेकर आम आदमी की समस्या को देखते हुए सरकार ने अब जन सामान्य को आसानी के साथ कोविड जांच रिपोर्ट मुहैया कराने के लिए वेबसाइट लांच किया है। सर्विलांस अधिकारी डॉ. यश अग्रवाल ने बताया कि इस वेबसाइट पर आधार से लिंक मोबाइल नंबर डालते ही संबंधित के सेलफोन पर एक ओटीपी आएगी। ओटीपी नंबर डालते ही जांच कराने वाले व्यक्ति की रिपोर्ट सामने आ जाएगी। इस व्यवस्था से लोग घर बैठे अपने मोबाइल पर आसानी से कोविड की जांच रिपोर्ट देख सकेंगे।