हिसामपुर परसखी गांव में आग लगने के बाद जुटे लोग। संवाद
कोखराज कोतवाली के हिसामपुर परसखी में बृहस्पतिवार दोपहर खाना बनाते गैस लीकेज से सिलिंडर में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने घंटे भर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगलगी में हजारों रुपये कीमत का गृहस्थी का सामान जल गया।
हिसामपुर परसखी गांव निवासी दुर्गा सरोज ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे पत्नी सीमा देवी घर में खाना बना रही थी। इस दौरान गैस सिलिंडर का पाइप लीक हो गया। गैस लीकेज से आग लग गई। देखते ही देखते आग से छप्परनुमा घर घिर गया। लपटें देख जुटे पड़ोसी फायर स्टेशन को सूचना देने के साथ ही आग को काबू में करने के जतन में जुट गए। अग्निशमन दल ने मौके पर आकर जब तक आग पर काबू पाया, तब तक गृहस्थी का सामान जल चुका था।