कल्यानपुर। रसोई गैस सिलेंडर लीक होने से बृहस्पतिवार की सुबह शहजादपुर गांव के एक घर में आग लग गई। रसोई घर में लगी आग में विवाहिता भी घिर गई थी, जिसे गांववालों ने सुरक्षित बचा लिया। सिलेंडर के विस्फोट की आशंका से गांव में करीब घंटेभर तक अफरा-तफरी मची रही। सूचना पर आए दमकलकर्मियों ने गांववालों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। आग से घर के साथ ही हजारों रुपये की गृहस्थी का सामान खाक हो गया है।
कोखराज कोतवाली क्षेत्र के शहजादपुर गांव निवासी अशोक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब पौने आठ बजे उसकी पत्नी चाय बनाने के लिए जैसे ही रसोई गैस चूल्हे को जलाया। सिलेंडर में लीकेज के कारण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा रसोई घर लपटों से घिर गया। साथ ही चाय बना रही विवाहिता के कपड़ों में भी आग लग गई। रसोई घर से लपटें, धुएं का गुबार और विवाहिता की चीखें सुनकर घर-परिवार में कोहराम मच गया।
घरवालों ने विवाहिता के ऊपर रजाई फेंककर उसकी जान बचाई। सिलेंडर में आग लगने से विस्फोट की आशंका से अफरातफरी मची रही। भयभीत ग्रामीणों ने घटना की जानकारी फायर स्टेशन सिराथू को दी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने गांववालों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक आग बुझती, रसोई घर के साथ ही अशोक कुमार के मकान की दो और कोठरी और उनमें रखा बिस्तर, बर्तन, कपड़े, खाद्यान्न समेत करीब 50-60 हजार रुपये की गृहस्थी का सामान जल गया था।